
मझौलिया से बब्लु कुमार पटेल की रिपोर्ट
मझौलिया प्रखंड मुख्यालय में शनिवार के दिन बिहार सरकार के 100 दिन पूर्ण होने के उपलक्ष्य में (BSWAN)के माध्यम से सरकार की उपलब्धियों का सजीव प्रसारण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बीते 100 दिनों के दौरान सरकार द्वारा संचालित विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी अधिकारियों एवं कर्मियों को दी गई।
इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, प्रमुख प्रतिनिधि श्री सूरज कुमार, बीपीएम जीविका सहित प्रखंड स्तरीय सभी अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे। सभी ने लाइव प्रसारण के माध्यम से सरकार की प्राथमिकताओं एवं विकासात्मक उपलब्धियों को देखा और सुना।
कार्यक्रम के उपरांत प्रखंड विकास पदाधिकारी द्वारा जनगणना एवं निर्वाचन कार्य में उत्कृष्ट योगदान देने वाले कर्मियों को मेडल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मानित कर्मियों में सारिका कुमारी, निशा कुमारी, अनिल कुमार, मनीष कुमार, विकास कुमार, उमाशंकर सिंह, मोहम्मद एसानुल्लाह, शमसे आलम, अनिल कुमार (आवास पर्यवेक्षक) सहित अन्य कर्मी शामिल रहे। इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी ने सम्मानित कर्मियों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि उनकी मेहनत, निष्ठा एवं कर्तव्यपरायणता अन्य कर्मियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने सभी कर्मियों से भविष्य में भी इसी समर्पण और ईमानदारी के साथ जनहित में कार्य करने का आह्वान किया।
इसी क्रम में शनिवार अपराह्न 3:00 बजे प्रखंड मुख्यालय में प्रखंड विकास पदाधिकारी की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रखंड के सभी पंचायतों के मुखिया, जन वितरण प्रणाली (डीलर), पंचायत सचिव तथा संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में पात्र लाभुकों के राशन कार्ड में नाम जोड़ने की प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी बनाने पर विस्तार से चर्चा की गई। सभी जनप्रतिनिधियों एवं संबंधित कर्मियों को निर्देश दिया गया कि पात्र आवेदकों से आवेदन प्राप्त कर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार उनका नाम राशन कार्ड में जोड़ने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि कोई भी पात्र परिवार सरकार की खाद्य सुरक्षा योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।
कार्यक्रम का समापन सभी अधिकारियों एवं कर्मियों द्वारा सरकार की योजनाओं को आमजन तक प्रभावी ढंग से पहुँचाने तथा विकास कार्यों को और अधिक गति देने के संकल्प के साथ हुआ।


