
मझौलिया से बब्लू कुमार पटेल की रिपोर्ट
मझौलिया। प्रखंड क्षेत्र के सरिसवा पंचायत के बनकट मुसहरी वार्ड संख्या 2 दलित बस्ती के उपभोक्ताओं ने गुरुवार को बिजली आपूर्ति ठप रहने के खिलाफ आक्रोश प्रदर्शन किया। स्थानीय उपभोक्ताओं का आरोप है कि बार-बार ट्रांसफार्मर खराब हो जाने से बिजली आपूर्ति बाधित रहती है, जिससे आमजन को भीषण गर्मी में भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
प्रदर्शन कर रहे उपभोक्ताओं में बीरेंद्र मांझी, गंगा मांझी, नथुनी मांझी, किशुन देव मांझी, रामायण मांझी, रामानंद साह, मुन्ना साह और दुर्योधन साह सहित अन्य ग्रामीण शामिल थे। उनका कहना था कि प्रत्येक दो-तीन दिन पर ट्रांसफार्मर में खराबी आ जाती है। इसकी शिकायत करने पर बिजली विभाग के मिस्त्री आकर ट्रांसफार्मर को अस्थायी रूप से दुरुस्त कर जाते हैं, लेकिन यह मुश्किल से एक-दो दिन ही चलता है और फिर खराब हो जाता है।
ग्रामीणों ने कहा कि बिजली आपूर्ति ठप रहने से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। वहीं, गर्मी के मौसम में पंखा-कूलर न चल पाने से बुजुर्ग और छोटे बच्चे सबसे अधिक परेशान हैं। पीने के पानी की भी समस्या गहराती जा रही है, क्योंकि मोटर चलने बंद हो जाते हैं।
उपभोक्ताओं ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही नया ट्रांसफार्मर नहीं लगाया गया तो वे आंदोलन को और तेज करेंगे। उन्होंने बिजली विभाग से स्थायी समाधान की मांग करते हुए कहा कि केवल मरम्मत से समस्या हल नहीं होगी। ग्रामीणों का कहना है कि विभाग को तत्काल नया ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराना चाहिए, ताकि उपभोक्ताओं को राहत मिल सके।


