


मझौलिया से बब्लु कुमार पटेल की रिपोर्ट
मझौलिया थाना क्षेत्र के जौकटिया पंचायत वार्ड नंबर 9 में एक बारात के दौरान आपसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। बताया जा रहा है कि बारात में शामिल कुछ युवकों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। इसी दौरान एक युवक को ग्रामीणों ने पकड़कर पेड़ से बांध दिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी।
घटना का वीडियो मौके पर मौजूद लोगों ने बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और पुलिस प्रशासन पर कार्रवाई का दबाव बढ़ गया है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, विवाद शराब या आपसी रंजिश से जुड़ा हो सकता है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। मझौलिया थाना पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो की जांच की जा रही है और दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि कानून को अपने हाथ में न लें और किसी भी विवाद की सूचना तुरंत प्रशासन को दें।


