Wednesday, June 17, 2026
Homeबेतिया16 जून को जिले की चयनित पंचायतों में लगेगा तीसरे चरण का...

16 जून को जिले की चयनित पंचायतों में लगेगा तीसरे चरण का सहयोग शिविर।

16 से 18 जून तक प्रखंड सहयोग-सह-जन कल्याण शिविर का भी होगा आयोजन।

सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता: जिला पदाधिकारी।

सहयोग एवं जन कल्याण शिविरों का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने का निर्देश।

जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में बैठक सम्पन्न।

बेतिया मोहन सिंह।

पश्चिम चम्पारण जिले में आमजन को सरकारी योजनाओं का लाभ सुलभ कराने तथा उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा 16 जून को जिले की चयनित पंचायतों में तीसरे चरण का सहयोग शिविर आयोजित किया जाएगा। इसके साथ ही 16, 17 एवं 18 जून 2026 को सभी प्रखंड मुख्यालयों पर प्रखंड सहयोग-सह-जन कल्याण शिविर का आयोजन भी किया जाएगा। जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि दोनों शिविरों के सफल संचालन हेतु सभी तैयारियां समय पर पूर्ण कर ली जाएं तथा आमजनों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि सहयोग शिविर एवं प्रखंड सहयोग-सह-जन कल्याण शिविर का उद्देश्य सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं को आमजन तक पहुंचाना तथा उनकी समस्याओं का स्थानीय स्तर पर त्वरित समाधान करना है। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी विभाग अपने-अपने कर्मियों एवं पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करें तथा शिविर संचालन से संबंधित आदेश तत्काल जारी किए जाएं। जिलास्तरीय कंट्रोल रूम के माध्यम से शिविरों की लगातार निगरानी की जाएगी तथा कर्मियों की उपस्थिति एवं कार्यों की समीक्षा की जाएगी।

जिलाधिकारी ने कहा कि वर्तमान में पड़ रही भीषण गर्मी को देखते हुए शिविर स्थलों पर पेयजल, छायादार प्रतीक्षालय, बैठने की पर्याप्त व्यवस्था, चिकित्सा सहायता तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि पूर्व में प्राप्त लंबित आवेदनों का गुणवत्तापूर्ण निष्पादन शीघ्र सुनिश्चित किया जाए ताकि शिविरों का उद्देश्य पूरी तरह सफल हो सके।

उन्होंने बताया कि प्रखंड सहयोग-सह-जन कल्याण शिविर में आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना, आयुष्मान वय वंदना कार्ड, सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाएं, पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), लखपति दीदी योजना, पीएम स्वनिधि योजना, किसान क्रेडिट कार्ड, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, मुख्यमंत्री कन्या उत्थान एवं छात्रवृत्ति योजनाएं, मुख्यमंत्री उद्यमी योजना, मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन योजना, दिव्यांगजन कल्याण योजनाएं, भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की योजनाएं तथा मुख्यमंत्री स्वयं सहायता भत्ता योजना सहित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से संबंधित सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएंगी।

शिविर में आवेदन प्राप्ति, निबंधन, ई-केवाईसी, सत्यापन, स्वीकृति, लाभ वितरण तथा लंबित मामलों के निष्पादन की व्यवस्था की जाएगी। प्रत्येक योजना के लिए अलग-अलग काउंटर स्थापित किए जाएंगे तथा प्रत्येक काउंटर पर नोडल पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। शिविर स्थल पर हेल्प डेस्क भी स्थापित होगा, जहां प्रशिक्षित कर्मी एवं स्वयंसेवक लाभार्थियों को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराएंगे और उन्हें संबंधित काउंटर तक पहुंचाने में सहायता करेंगे।

स्वास्थ्य सेवाओं को भी विशेष प्राथमिकता दी गई है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि शिविर स्थल पर मेडिकल स्टॉल स्थापित कर रक्तचाप, रक्त शर्करा जांच एवं प्राथमिक स्वास्थ्य परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराई जाए। मेडिकल स्टॉल को आयुष्मान भारत एवं आयुष्मान वय वंदना कार्ड नामांकन काउंटर के निकट स्थापित किया जाएगा ताकि अधिकाधिक लोगों को स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ मिल सके।

बैठक में अपर समाहर्ता-सह-जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी अनिल कुमार सिन्हा ने बताया कि 16 जून 2026 को जिले के विभिन्न प्रखंडों की चयनित पंचायतों में एक साथ सहयोग शिविर आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इन शिविरों में आमजनों की शिकायतों, समस्याओं एवं योजनाओं से संबंधित मामलों का ऑन-द-स्पॉट समाधान करने का प्रयास किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि बगहा-01 प्रखंड के पतिलार, मेहुड़ा एवं भैंसही पाड़रखाप पंचायत, बगहा-02 प्रखंड के बलुआ छत्रौल, भरछी, देवरिया तरूअनवा एवं चमवलिया पंचायत, बैरिया प्रखंड के पखनाहा डुमरिया, उत्तरी पटजिरवा एवं सिसवा सरैया पंचायत, नौतन प्रखंड के पकड़िया, जमुनिया एवं बरदाहा पंचायत, मझौलिया प्रखंड के नौतन खुर्द, बैठनिया भानाचक, मझौलिया एवं रामनगर बनकट पंचायत, चनपटिया प्रखंड के बकुलहर, जैतिया एवं उत्तरी घोघा पंचायत, योगापट्टी प्रखंड के बगही पुरैना, बहुअरवा एवं चौमुखा पंचायत, लौरिया प्रखंड के कटैया, सिसवनिया एवं बेलवा लखनपुर पंचायत, नरकटियागंज प्रखंड के शिकारपुर, कुंडिलपुर, केसरिया एवं कुकुरा पंचायत, गौनाहा प्रखंड के धमौरा, जमुनिया एवं धनौजी पंचायत, मैनाटांड़ प्रखंड के सकरौल एवं पिरारी पंचायत, सिकटा प्रखंड के शिकारपुर एवं सिकटा पंचायत, रामनगर प्रखंड के सपही मधुबनी, गुदगुदी एवं खटौरी पंचायत, ठकराहां प्रखंड के श्रीनगर पंचायत, मधुबनी प्रखंड के दौनाहा एवं मधुआ पंचायत, भितहा प्रखंड के सेमरबारी पंचायत तथा पिपरासी प्रखंड के सौराहा पंचायत में 16 जून को सहयोग शिविर आयोजित किए जाएंगे।

जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि शिविरों का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए ताकि अधिक से अधिक पात्र लाभार्थी शिविर में पहुंचकर विभिन्न योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें। उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है और इन शिविरों के माध्यम से लोगों को उनके घर के निकट ही विभिन्न सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

समीक्षा बैठक में नगर आयुक्त सुश्री शिवाक्षी दीक्षित, अपर समाहर्ता राजीव रंजन सिन्हा, अपर समाहर्ता-सह-जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी अनिल कुमार सिन्हा, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी अमरेन्द्र कुमार सहित विभिन्न विभागों के जिलास्तरीय पदाधिकारी एवं कार्यपालक अभियंता उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments

Would you like to receive notifications on latest updates? No Yes