
नगर निगम के वार्ड 34 के हजारों लोगों को बुनियादी सुविधा मिलने से सुविधा जनक होगा आगमन,
==बोलीं महापौर नवअधिगृहित क्षेत्र के लोगों के लिए सुविधा का विस्तार उनकी प्राथमिकताओं में उपर,
बेतिया मोहन सिंह।
नगर निगम बेतिया के
महापौर गरिमा देवी सिकारिया ने बताया कि नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या-34 अंतर्गत रामपुर गोनौली मोहल्ला के निवासियों के लिए राहत भरी खबर है। लंबे समय से आवागमन और जल- निकासी की समस्या से जूझ रहे इस इलाके में अब पुल निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। महापौर श्रीमती सिकारिया ने बताया कि नगर निगम बोर्ड ने क्षेत्र के विकास को प्राथमिकता देते हुए 34 लाख 97 हजार 900 रुपये की लागत से पुल निर्माण योजना को प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान कर दी है।
महापौर ने बताया कि नगर निगम बोर्ड की बैठक में पारित इस योजना का उद्देश्य स्थानीय लोगों को बेहतर संपर्क सुविधा उपलब्ध कराना है। बरसात के दिनों में रामपुर गोनौली के कई हिस्सों में जलभराव और रास्ता अवरुद्ध होने से लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ती थी। खासकर स्कूली बच्चों, किसानों और मरीजों के लिए आवाजाही चुनौतीपूर्ण बनी रहती थी।
पुल निर्माण के बाद क्षेत्र के लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी। साथ ही आसपास के मोहल्लों और बाजारों तक पहुंच आसान हो जाएगी। स्थानीय नागरिकों ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में बड़ा कदम बताया है।
महापौर श्रीमती सिकारिया ने बताया कि नगर निगम बोर्ड से प्रशासनिक स्वीकृति मिलने के बाद नगर निगम प्रशासन के द्वारा जल्द ही निविदा प्रकाशन प्रक्रिया शुरू करने के साथ निर्माण कार्य को धरातल पर उतारा जाएगा। महापौर ने बताया कि यह योजना वार्ड-34 के समग्र विकास और नागरिक सुविधाओं के विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।


