


मझौलिया से बब्लु कुमार पटेल की रिपोर्ट
मझौलिया शुगर इंडस्ट्रीज परिसर में मुख्यमंत्री गन्ना विकास योजना के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं को लेकर गन्ना मंत्री संजय कुमार ने गन्ना किसानों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया। इस कार्यक्रम में क्षेत्र के बड़ी संख्या में गन्ना किसान उपस्थित रहे और उन्होंने अपनी समस्याएं खुलकर रखीं। किसानों ने गन्ना भुगतान में हो रही देरी, गुणवत्तापूर्ण बीज की उपलब्धता, उर्वरक, सिंचाई सुविधा, आधुनिक तकनीकी सहायता तथा अन्य व्यावहारिक कठिनाइयों से मंत्री को अवगत कराया।
गन्ना मंत्री संजय कुमार ने किसानों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और मौके पर उपस्थित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गन्ना किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मंत्री ने यह भी आश्वासन दिया कि मुख्यमंत्री गन्ना विकास योजना सहित अन्य योजनाओं का लाभ पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से किसानों तक पहुंचाया जाएगा।
उन्होंने किसानों से योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील करते हुए कहा कि सरकार गन्ना किसानों की आय बढ़ाने और उनकी समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। कार्यक्रम के अंत में किसानों ने संवाद को सकारात्मक बताते हुए उम्मीद जताई कि उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान होगा।


