



मझौलिया से बब्लु कुमार पटेल की रिपोर्ट
मझौलिया थाना क्षेत्र अंतर्गत विभिन्न पंचायतों में सरस्वती पूजा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर मझौलिया पुलिस द्वारा फ्लैग मार्च निकाला गया। इस फ्लैग मार्च का उद्देश्य क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखना, असामाजिक तत्वों पर नजर रखना तथा आमजन में सुरक्षा का विश्वास पैदा करना था।
फ्लैग मार्च मझौलिया थाना क्षेत्र के कई संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले इलाकों से होकर गुजरा। मझौलिया थानाअध्यक्ष अमर कुमार ऋषिकेश कुमार, भानु प्रकाश विकास कुमार हरेराम तिवारी सहित महिला पुलिस बल, सशस्त्र बल एवं स्थानीय पुलिस जवान शामिल रहे। पुलिस बल ने पैदल मार्च करते हुए पूजा पंडालों के आसपास, गांव की गलियों और मुख्य सड़कों का निरीक्षण किया।
इस दौरान पुलिस पदाधिकारियों ने आयोजकों एवं ग्रामीणों से संवाद कर शांतिपूर्ण ढंग से पूजा संपन्न कराने की अपील की। साथ ही स्पष्ट निर्देश दिया गया कि डीजे पर प्रतिबंध का पालन किया जाए, अश्लील गानों पर रोक रहे तथा किसी भी तरह की अफवाहों से बचा जाए। असामाजिक तत्वों पर पुलिस की कड़ी नजर रहेगी और गड़बड़ी फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।मझौलिया पुलिस ने आम लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। फ्लैग मार्च से क्षेत्र में सुरक्षा का माहौल बना है और लोगों ने पुलिस की इस पहल की सराहना की है।


