



मझौलिया से बब्लु कुमार पटेल की रिपोर्ट
मझौलिया प्रखंड अंतर्गत बैठानिया भानाचक पंचायत गुरुचुरवा वार्ड संख्या 10 में पीसीसी सड़क निर्माण कार्य को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण में खुलेआम घटिया सामग्री का उपयोग किया जा रहा है, जिससे सड़क की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार निर्माण कार्य में सीमेंट जोड़ाई के नाम पर अत्यंत कमजोर और मानक के विपरीत सामग्री का प्रयोग किया जा रहा है, जिससे सड़क टिकाऊ नहीं रह पाएगी।
ग्रामीणों वार्ड सदस्य चौखट राम रविरंजन कुमार रंजन कुमार नवीन कुमार सहाब आलम अमरेंद्र राम सगीर मियां ने यह बताया कि निर्माण कार्य से संबंधित किसी प्रकार की कोई आधिकारिक सूचना स्थल पर उपलब्ध नहीं है। न तो योजना से संबंधित सूचना बोर्ड लगाया गया है और न ही यह स्पष्ट किया गया है कि यह सड़क किस विभाग द्वारा बनाई जा रही है तथा इसकी स्वीकृत राशि कितनी है। इससे पारदर्शिता पर भी सवाल उठ रहे हैं।ग्रामीणों का कहना है कि बिना सूचना बोर्ड लगाए कार्य कराना सरकारी नियमों का उल्लंघन है। लोगों ने आशंका जताई कि यदि समय रहते जांच नहीं हुई तो सरकारी राशि की बंदरबांट की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। आक्रोशित ग्रामीणों ने मांग की है कि संबंधित विभाग के वरीय अधिकारी मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच करें और दोषी ठेकेदार व जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की जाए। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।


