Thursday, April 16, 2026
Homeबेतियाप्रतिदिन संचालित स्थायी लोक अदालत से आम लोगों को मिल रहा त्वरित...

प्रतिदिन संचालित स्थायी लोक अदालत से आम लोगों को मिल रहा त्वरित व सुलभ न्याय।

बेतिया मोहन सिंह।

विधिक सेवा प्राधिकार अधिनियम, 1987 के प्रावधानों के तहत बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा राज्य के सभी जिलों में स्थायी लोक अदालतों का गठन एवं संचालन किया गया है। इसी क्रम में पश्चिम चंपारण जिले में भी स्थायी लोक अदालत सफलतापूर्वक कार्यरत है, जो प्रतिदिन (अवकाश को छोड़कर) संचालित होती है।

इस संबंध में स्थायी लोक अदालत, पश्चिम चंपारण के चेयरमैन श्री राजेश कुमार शुक्ला ने कहा कि स्थायी लोक अदालत का मुख्य उद्देश्य आम लोगों को सरल, सस्ता और त्वरित न्याय उपलब्ध कराना है। जनोपयोगी सेवाओं से जुड़े छोटे-छोटे विवादों को आपसी सुलह के माध्यम से निपटाकर नागरिकों को लंबी अदालती प्रक्रिया से राहत दी जा रही है। लोग अधिक से अधिक संख्या में इसका लाभ उठाएं।

स्थायी लोक अदालत में संजय कुमार एवं राणा प्रताप सिंह सदस्य के रूप में कार्यरत हैं। यह अदालत प्रत्येक कार्य दिवस में नागरिकों की समस्याओं के समाधान हेतु तत्पर रहती है।

उन्होंने बताया कि स्थायी लोक अदालत में जनोपयोगी सेवाओं से जुड़े विवादों का निपटारा किया जाता है। इसके अंतर्गत परिवहन, वाहन चालान, डाक सेवा, बिजली, पानी, बैंकिंग, अस्पताल, बीमा, शैक्षणिक संस्थान, नगर निकाय सहित अन्य सार्वजनिक उपयोगिता सेवाओं से संबंधित मामलों को शामिल किया जाता है। इन विवादों को नियमित अदालत में जाने से पहले आपसी सुलह और समझौते के माध्यम से सुलझाने का प्रयास किया जाता है।

उन्होंने बताया कि यदि दोनों पक्षों के बीच समझौता नहीं हो पाता है और मामला किसी संगीन अपराध से संबंधित नहीं है, तो स्थायी लोक अदालत को उस विवाद का निर्णय देने का विधिक अधिकार प्राप्त है। इससे आम नागरिकों को लंबी न्यायिक प्रक्रिया से राहत मिलती है और समय व खर्च दोनों की बचत होती है।

पश्चिम चंपारण जिले में स्थायी लोक अदालत एडीआर बिल्डिंग (ग्राउंड फ्लोर कोर्ट रूम एवं फर्स्ट फ्लोर), सिविल कोर्ट परिसर, बेतिया में संचालित है। यहां आम नागरिक जनोपयोगी सेवाओं से संबंधित मामलों के समाधान हेतु आवेदन कर त्वरित न्याय का लाभ उठा सकते हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments

Would you like to receive notifications on latest updates? No Yes