


मझौलिया से बब्लू कुमार की रिपोर्ट
मझौलिया। प्रखंड कार्यालय प्रांगण में शुक्रवार के दिन बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं के निवारण के लिए विशेष विधुत उपभोक्ता शिकायत निवारण कैम्प का आयोजन किया गया। कैम्प की अध्यक्षता कनीय विधुत अभियंता प्रदीप कुमार (मझौलिया) एवं रतन कुमार झा (सरिसवा) ने संयुक्त रूप से की। इस दौरान बड़ी संख्या में उपभोक्ता अपनी-अपनी समस्याओं को लेकर उपस्थित हुए।
कनीय अभियंता प्रदीप कुमार ने बताया कि इस शिविर का मुख्य उद्देश्य उपभोक्ताओं को तत्काल राहत प्रदान करना और उनकी समस्याओं का मौके पर ही समाधान करना है। उन्होंने कहा कि इस कैम्प में स्मार्ट मीटर से जुड़ी शिकायतें, गलत मीटर रीडिंग सुधार, विपत्र सुधार संबंधी आवेदन, नए विद्युत कनेक्शन के लिए आवेदन, कृषि विद्युत कनेक्शन की समस्याएं तथा खराब मीटर से संबंधित आवेदन प्राप्त किए गए।
अभियंता रतन कुमार झा ने बताया कि कैम्प में आए उपभोक्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया और कई आवेदनों का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया। वहीं जिन मामलों में तकनीकी जाँच की आवश्यकता है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर जल्द ही हल करने का आश्वासन दिया गया।
ग्रामीणों ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि इससे बिजली से जुड़ी परेशानियों को लेकर बार-बार कार्यालय का चक्कर लगाने की मजबूरी खत्म होगी। उपभोक्ताओं ने नियमित अंतराल पर ऐसे कैम्प आयोजित करने की भी मांग की।
इस अवसर पर विभाग के अन्य कर्मी भी मौजूद रहे और उपभोक्ताओं को बिजली से जुड़ी विभिन्न योजनाओं और सेवाओं की जानकारी दी गई।


