
मझौलिया से बब्लू कुमार पटेल की रिपोर्ट
मझौलिया। थाना क्षेत्र के रामपुरवा पोखरा के समीप शराब कारोबारियों की लापरवाही से बड़ा हादसा हो गया। एक बाइक पर सवार दो शराब तस्कर स्कूल से लौट रहे छात्रों को टक्कर मारते हुए अनियंत्रित होकर गिर पड़े। इस घटना में दोनों छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों शराब कारोबारियों को धर दबोचा और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और तलाशी के दौरान बाइक की डिक्की व पीठ पर टंगे बैग से 35 लीटर देशी चुलाई शराब बरामद किया। इसके बाद दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर थाना लाया गया।
घटना में घायल एक कारोबारी को पुलिस अभिरक्षा में जीएमसीएच भेजा गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। उसकी पहचान डुमरी महानवा निवासी बिराजन मुखिया के रूप में हुई है। वहीं दूसरे आरोपी, साठी थाना क्षेत्र के बसंतपुर गांव निवासी द्वारिका मुखिया को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।
यह जानकारी थानाध्यक्ष अवनिश कुमार ने बताया कि ग्रामीणों की सजगता से शराब कारोबारियों को पकड़ने में सफलता मिली। उन्होंने कहा कि अवैध शराब के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और इस तरह की घटनाओं पर सख्त कार्रवाई होगी।
स्थानीय लोगों ने घटना पर आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि शराब कारोबारियों की लापरवाही से मासूम छात्रों की जान पर खतरा आ गया। लोगों ने प्रशासन से क्षेत्र में अवैध शराब पर कड़ी निगरानी रखने की मांग की।


