



मझौलिया से बब्लू कुमार पटेल की रिपोर्ट
बेतिया/मझौलिया प्रखंड क्षेत्र के सुगौली मझौलिया मुख्य स्थित बखरिया पंचायत के कुर्मी टोला में गुरुवार के दिन सड़क हादसे में एक बुजुर्ग की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, अनियंत्रित बाइक सवार युवक ने 60 वर्षीय रामसुरत यादव, पिता स्वर्गीय सरयुग यादव, निवासी वार्ड संख्या 7, निवासी राम सुरत यादव को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद स्थानीय लोग मौके पर जुटे और तत्काल 112 पुलिस टीम को सूचना दी।
पुलिस टीम ने गंभीर रूप से घायल रामसुरत यादव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए बेतिया जीएमसीएच रेफर कर दिया। इलाज के दौरान जीएमसीएच में ही उनकी मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद बाइक सवार युवक मौके से फरार हो गया। घटना के बाद से ग्रामीणों में आक्रोश है और परिजन ने न्याय की मांग कर रहे हैं। वहीं थानाध्यक्ष अवनीश कुमार ने बताया कि पुलिस को घटना की जानकारी प्राप्त हुई है। अभी मृतक के परिजनों की ओर से कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलते ही मामले में अग्रेतर कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना ने क्षेत्र में शोक का माहौल पैदा कर दिया है। परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर तेज गति से बाइक और लापरवाह ड्राइविंग के कारण आए दिन ऐसी घटनाएं हो रही हैं। लोगों ने प्रशासन से सड़क पर निगरानी बढ़ाने और दोषी बाइक चालक की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।


