
बीएलओ सुपरवाइजरों का एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न।
बेतिया मोहन सिंह।
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की तैयारी के अंतर्गत बीएलओ सुपरवाइजरों का एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन 12 जून को स्थानीय प्रेक्षागृह में किया गया। इस कार्यक्रम में पश्चिम चंपारण जिला अंतर्गत सभी 9 विधानसभा क्षेत्रों के बीएलओ सुपरवाइजरों ने भाग लिया।
प्रशिक्षण सत्र की अध्यक्षता जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी, पश्चिम चंपारण, धर्मेन्द्र कुमार द्वारा किया गया।
उन्होंने आगामी बिहार विधानसभा चुनाव के सफल, निष्पक्ष एवं पारदर्शी संचालन के लिए बीएलओ सुपरवाइजरों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। उन्होंने सभी अधिकारियों को सजगता, जिम्मेदारी और कर्मठता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि यह प्रशिक्षण कार्यक्रम आगामी विधानसभा चुनाव को सफलतापूर्वक संपन्न कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।
प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि प्रत्येक 10 मतदान केंद्रों पर एक बीएलओ सुपरवाइजर की नियुक्ति की गई है। इन सुपरवाइजरों को अपने क्षेत्र के बीएलओ द्वारा किए जा रहे कार्यों की बारीकी से निगरानी, मतदाता सूची में नाम जोड़ने एवं हटाने की प्रक्रिया की जांच, तथा किसी भी अनियमितता की सतर्कता के साथ रिपोर्टिंग का निर्देश दिया गया।
इसके अतिरिक्त, बीएलओ सुपरवाइजरों को अपने-अपने क्षेत्रों के मतदान केंद्रों पर मूलभूत सुविधाओं जैसे–रैंप, पेयजल, शौचालय, बिजली, शेड आदि की स्थिति की जाँच कर रिपोर्ट देने का भी निर्देश दिया गया, जिससे चुनाव के दिन मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
साथ ही, सभी बीएलओ सुपरवाइजरों को यह भी निर्देशित किया गया कि वे मतदाताओं को जागरूक करने हेतु अभियान चलाएँ, ताकि अधिकतम मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त, सुमित कुमार, अपर समाहर्ता, विभागीय जाँच, कुमार रविंद्र, अनुमंडल पदाधिकारी, बेतिया, विकास कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी, लालबहादुर राय सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।


