
मझौलिया से बब्लु कुमार पटेल की रिपोर्ट
बेतिया/ मझौलिया थाना क्षेत्र के बेतिया-मोतिहारी मार्ग एनएच-727 पर नानोसती और जौकटिया के बीच स्थित एक पुलिया के पास सड़क धंस जाने से आवागमन में भारी परेशानी हो रही है। सड़क के बीचो-बीच हुए इस धंसे हिस्से के कारण वाहनों को गुजरने में दिक्कतें आ रही हैं और कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। स्थानीय लोगों ने बताया कि यह मार्ग बेतिया और मोतिहारी को जोड़ने वाली प्रमुख सड़क है, जिस पर दिनभर भारी वाहनों की आवाजाही रहती है। ऐसे में सड़क का धंसना यात्रियों और राहगीरों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बन गया है।लोगों ने प्रशासन और सड़क निर्माण विभाग से तुरंत कार्रवाई कर सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है ताकि दुर्घटना की संभावना को टाला जा सके और आम जनों को राहत मिले।स्थानीय नागरिकों का कहना है कि अगर विभाग ने जल्द संज्ञान नहीं लिया, तो सड़क पूरी तरह टूट सकती है और इससे बेतिया-मोतिहारी के बीच संपर्क बाधित हो जाएगा।


