Tuesday, April 28, 2026
Homeबेतियानिर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता एवं शुद्धता सर्वोच्च प्राथमिकता : आयुक्त सह रोल...

निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता एवं शुद्धता सर्वोच्च प्राथमिकता : आयुक्त सह रोल प्रेक्षक।

जिला प्रशासन द्वारा किए जा रहे प्रयास सराहनीय।

आयुक्त सह रोल प्रेक्षक की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक सम्पन्न।

विभिन्न मतदान केंद्रों का भी किया औचक निरीक्षण।

बूथ लेवल अधिकारियों (BLOs) से किया संवाद।

बेतिया मोहन सिंह।

विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण 2025 (Special Intensive Revision–SIR 2025) के अंतर्गत आज तिरहुत प्रमंडल के आयुक्त सह रोल प्रेक्षक श्री राजकुमार की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक जिला मुख्यालय, पश्चिम चम्पारण में संपन्न हुई। बैठक में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी, पश्चिम चम्पारण धर्मेन्द्र कुमार, अन्य वरीय पदाधिकारीगण तथा विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

बैठक के आरंभ में आयुक्त राजकुमार ने जिला निर्वाचन पदाधिकारी से विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण 2025 की अद्यतन प्रगति रिपोर्ट प्राप्त की और विभिन्न बिंदुओं की गहन समीक्षा की। उन्होंने अब तक किए गए कार्यों पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता एवं शुद्धता सुनिश्चित करना निर्वाचन आयोग की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस दिशा में जिला प्रशासन द्वारा किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं।

उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्गत दिशा-निर्देशों एवं हाल ही में माननीय सर्वोच्च न्यायालय द्वारा दिए गए महत्वपूर्ण निर्णयों की जानकारी दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि ये सभी निर्देश मतदाता सूची की प्रामाणिकता, निष्पक्षता एवं समावेशिता को और अधिक मजबूत करने के उद्देश्य से दिए गए हैं।

आयुक्त ने विशेष रूप से राजनीतिक दलों से आग्रह किया कि वे प्रत्येक मतदान केंद्र पर अपने बूथ लेवल एजेंट (BLA) की नियुक्ति अनिवार्य रूप से करें। इससे न केवल मतदाता सूची के कार्यों की निगरानी में सहूलियत होगी बल्कि निर्वाचन कार्यों की पारदर्शिता एवं विश्वसनीयता भी और सुदृढ़ होगी।

उन्होंने यह भी कहा कि 1 अगस्त 2025 को प्रकाशित प्रारंभिक निर्वाचक नामावली (Draft Electoral Roll) में यदि किसी गलत प्रविष्टि जैसे अनुचित विलोपन या गलत जोड़ की जानकारी मिलती है तो राजनीतिक दल एवं आम नागरिक समय पर दावा एवं आपत्ति (Claims & Objections) दर्ज कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि इसके लिए निर्धारित अवधि के भीतर फार्म-6, 7 और 8 के माध्यम से आवेदन किया जा सकता है।

बैठक से पूर्व आयुक्त राजकुमार ने बेतिया विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बूथ लेवल अधिकारियों (BLOs) से संवाद किया तथा उनसे विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यों की प्रगति, मतदाता सूची के अद्यतन की स्थिति और घर-घर सत्यापन अभियान की जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मतदाता सूची की शुद्धता एवं अपूर्ण प्रविष्टियों के संशोधन पर विशेष बल देने का निर्देश दिया।

अंत में, आयुक्त ने सभी राजनीतिक दलों से अपील की कि वे सक्रिय रूप से इस प्रक्रिया में भाग लें और मतदाताओं को भी जागरूक करें ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रहे तथा किसी भी अपात्र व्यक्ति का नाम सूची में शामिल न रह पाए। उन्होंने कहा कि यह सामूहिक प्रयास ही लोकतंत्र को और अधिक सुदृढ़ करेगा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments

Would you like to receive notifications on latest updates? No Yes